नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को लगभग बंद किया हुआ है इसी बीच सोशल मीडिया पर यूनाइटेड स्टेट (यूएस) नेवी का एक कथित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शिप पर हमला होते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यूएस नेवी का शिप होर्मुज स्ट्रेट में घुसने की कोशिश कर रहा था इसलिए ईरान ने उस पर हमला कर दिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। वायरल वीडियो वास्तविक घटना का नहीं है। इस वीडियो को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है। 

क्या हो रहा है वायरल?

थ्रेड्स यूजर ‘arkam.ahmad.982’ ने 5 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “ईरान ने US को दिया होरमुज से गुजरने की हिमाकत का जवाब।”  

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी कोई जानकारी या न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीडियो को कई एआई डिटेक्शन टूल्स के जरिए जांचा गया। हमने ‘Hive Moderation’ टूल का इस्तेमाल किया और इसने वीडियो के 84 फीसदी एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने वीडियो को एक अन्य टूल ‘undetectable’ से भी जांचा। इस टूल ने 96 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने के संकेत दिए।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने हमारे साथ कई अन्य डिटेक्शन टूल्स के एनालिसिस शेयर किए। ‘साइट इंजन’ की एनालिसिस ने 92 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने के संकेत दिए।

‘एआई ऑर नॉट’ के जरिए भी वीडियो के कीफ्रेम्स को सर्च किया गया। इसके एनालिसिस में भी वीडियो के एआई से बने होने की संभावना निकली। 

डीएयू की टीम ने हमें अपने एनालिसिस में यह भी बताया है कि वीडियो में जहाज के रडार सिस्टम पर गौर करने पर उसका स्ट्रक्चर काफी अटपटा और अजील लगता है। कई जगह पर रडार सिस्टम अपने आप गायब हो जा रहा है। विस्फोट बहुत करीब से फिल्माए गए हैं, ऐसे में जहाज पर मिसाइलों के टकराने का कोई असर न होना काफी अवास्तविक लगता है।

क्या है संदर्भ?

अमेरिकी वेबसाइट ‘ABC News’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड नेवी (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक बयान जारी किया है। IRGC के नेवल कमांड का कहना है, “होर्मुज स्ट्रेट कभी भी अपनी पुरानी स्थिति में वापस नहीं आएगा, खासकर अमेरिका और इजरायल के लिए।”

गौरतलब है कि होर्मुज स्ट्रेट विश्व व्यापार के सबसे बड़े रूट्स (रास्तों) में से एक है। विशेष तौर पर कच्चे तेल, गैस और फर्टिलाइजर से जुड़ा परिवहन इस क्षेत्र से बहुत बड़ी मात्रा में होता है। 

Gulf news की वेबसाइट पर 3 अप्रैल 2026 को प्राकशित एक रिपोर्ट के अनुसार,  ईरान ने चुनिंदा देशों से तेल और मालवाहक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति देना शुरू कर दिया है, जिससे आयात पर निर्भर कुछ देशों को राहत मिल सके। ईरान ने फिलीपींस, भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, इराक और मलेशिया के जहाजों को जाने की अनुमति दे दी है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को थ्रेड्स पर शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि होर्मुज स्ट्रेट में यूएस नेवी के शिप पर हमला करने के नाम से वायरल हो रहा वीडियो असल में एआई-निर्मित है। 

The post Fact Check: होर्मुज स्ट्रेट में यूएस नेवी के जहाज पर हमला करने के नाम से वायरल वीडियो AI-निर्मित  appeared first on Vishvas News.

Copyright 2025. All right reserved. Nagar Varta Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!