नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल 2026 को दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा हो गई। पाकिस्तान दोनों देशों के बीच शांति वार्ता करवा रहा है। ऐसे में दोनों ही देशों के नेता इस वार्ता के लिए 11 अप्रैल 2026 को पाकिस्तान पहुंच गए हैं। इसी से जोड़ते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पाकिस्तान और ईरान के नेताओं को मिलते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान पहुंचे पाकिस्तानी नेताओं का वहां पर काफी अच्छे से स्वागत हुआ।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि सितंबर 2025 का है। तब चीन में हुए एससीओ समिट के दौरान दोनों देशों के नेताओं की मुलाकात हुई थी। इस पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ अब शेयर किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘RK Official News’ ने 10 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “ईरान में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए…हमको ये देखा नहीं जा रहा है..।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो पाकिस्तान के फेसबुक यूजर ‘Bhurgri Siddique’ के अकाउंट पर मिला। वीडियो को 1 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल ने ईरानी नेताओं से मुलाकात की थी। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘@HT-Videos’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 1 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो चीन में हुए शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन 2025 (SCO) समिट के दौरान का है। 

सर्च के दौरान हमें दोनों देशों के नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें ‘Shanghai Cooperation Organization’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी मिलीं। इन तस्वीरों को 1 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। फोटो में दोनों नेताओं को वायरल वीडियो जैसे कपड़े पहने हुए देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंनें हमें बताया कि वायरल वीडियो पुराना है।

क्या है संदर्भ?

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, शांति वार्ता के लिए ईरानी और अमेरिकी नेता पाकिस्तान पहुंच चुके हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस का स्वागत किया। इस वार्ता को लेकर ईरान के प्रतिनिधिमंडल के नेता मोहम्मद बगेर गालिबफ का कहना है कि इस वार्ता को लेकर उनकी “नीयत अच्छी है” लेकिन उन्हें अमेरिका पर “भरोसा नहीं है”। हालांकि, जेडी वैंस का कहना है कि अगर ईरान “हमें धोखा देने की कोशिश करेगा” तो अमेरिकी सहयोग नहीं करेंगे। इस शांति वार्ता के लिए अमेरिका की तरफ से चार नेता और ईरान की तरफ से छह नेता शामिल हो रहे हैं, जबकि पाकिस्तान की ओर से वार्ता के लिए चार प्रतिनिधि शामिल होंगे। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ईरान और पाकिस्तान के नेताओं की मुलाकात का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि सितंबर 2025 का है। तब चीन में हुए एससीओ समिट के दौरान दोनों देशों के नेताओं की मुलाकात हुई थी। इस पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

The post Fact Check: ईरान और पाकिस्तान के नेताओं की मुलाकात का यह वायरल वीडियो पुराना, भ्रामक दावे से किया जा रहा शेयर appeared first on Vishvas News.

Copyright 2025. All right reserved. Nagar Varta Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!