नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन में आगजनी और तोड़फोड़ हुई थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें एक इमारत को जलते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि प्रदर्शनकारियों ने सेक्टर-62 स्थित कंपनी में आग लगा दी।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो जून 2024 में सेक्टर-63 स्थित कंपनी में आग लगने का है। इसे हालिया प्रदर्शन से जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘saviourthestudent’ ने 14 अप्रैल 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया। इस पर लिखा है, “नोएडा सेक्टर 62 कंपनी में लगाई आग।“

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने उसका कीफ्रेम निकालकर गूगल लेंस से सर्च किया। नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 1 जून 2024 को छपी खबर में वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट जैसी ही तस्वीर छपी है। खबर के अनुसार, “नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक आईटी कंपनी के कार्यालय में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि एसी के इनडोर यूनिट में ब्लास्ट से आग लगी थी।”

वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट और न्यूज पोर्टल की तस्वीर में समानता देखी जा सकती है।

गूगल मैप पर सर्च करने पर हमें यह लोकेशन सेक्टर-63 की मिली।

ईटीवी भारत और आजतक की वेबसाइट पर भी 1 जून 2024 को इस हादसे से जुड़ी खबर, तस्वीर और वीडियो को देखा जा सकता है।
इससे साबित होता है कि वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है।
इस बारे में हमने नोएडा के सेक्टर-63 थाना के एसएचओ अमित कुमार से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने इसे फर्जी बताया।
क्या है संदर्भ?
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 14 अप्रैल 2026 को छपी खबर के अनुसार, “श्रमिकों का वेतन बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन करने का आज पांचवां दिन है। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बावजूद प्रदर्शन की छिटपुट घटनाओं की सूचना आ रही है। अराजक तत्वों ने सेक्टर 121 और नोएडा फेज-2 में कुछ हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 को नोएडा में हुई हिंसा के संदर्भ में कुल सात मुकदमे दर्ज किए गए हैं। साथ ही 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।”
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। मई 2022 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के करीब एक लाख चार हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी में जून 2024 को आग लग गई थी। उस हादसे के वीडियो को अब नोएडा के हालिया प्रदर्शन का बताकर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: नोएडा प्रदर्शन में सेक्टर-62 की कंपनी में आग लगाने के दावे से दो साल पुराना वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
