नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में हुए बवाल के बाद श्रमिकों की सैलरी बढ़ाने के आदेश जारी हो गए हैं। इस दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प को देखी जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह नोएडा में प्रदर्शनकारियों और पुलिस में हुई हालिया झड़प का है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो इंडोनेशिया का है। वहां अगस्त 2025 में प्रदर्शन हुआ था। इस वीडियो का नोएडा में हुए प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘mo_sufiyan.242’ ने 14 अप्रैल 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “सेक्टर-62 सेलरी बढ़ाने के चक्कर में बहुत हुई हाथ आप आई पुलिस और वर्करों की।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें एक जगह पर बैनर पर ‘MAPANCAS KOTA’ लिखा हुआ है। इस आधार पर हमने कीवर्ड से गूगल पर ओपन सर्च किया।

इंडोनेशिया के यूट्यूब चैनल ‘tvOneNews’ पर 12 अगस्त 2025 को एक वीडियो न्यूज अपलोड की गई थी। गूगल ट्रांसलेटर की मदद से ट्रांसलेट करने पर पता चला कि इसमें इंडोनेशियाई भाषा में जानकारी दी गई है। इसके अनुसार, बोगोर शहर में फुटबॉल स्टेडियम के नवीनीकरण प्रोजेक्ट को लेकर छात्रों ने 12 अगस्त, 2025 को बोगोर सिटी हॉल के सामने प्रदर्शन किया था।
इस वीडियो न्यूज और वायरल क्लिप में काफी समानता देखी जा सकती है। जैसे- गाड़ी पर खड़ा व्यक्ति और पास में खड़ा शख्स।

इससे संबंधित खबर को इंडोनेशिया के न्यूज पोर्टल ’emsatunews’ और ‘रेडियो रिपब्लिक इंडोनेशिया‘ पर 12 अगस्त 2025 को देखा जा सकता है। इन दोनों खबरों में भी गाड़ी पर खड़े व्यक्ति की तस्वीर मौजूद है।
इस बारे में हमने दैनिक जागरण नोएडा के ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चंदेल से संपर्क किया और उन्हें वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि इसमें दिख रही पुलिस यूपी की नहीं है और यह नोएडा का वीडियो नहीं है।
क्या है संदर्भ?
‘दैनिक जागरण’ के इंस्टाग्राम पर 17 अप्रैल 2026 को अपलोड पोस्ट के अनुसार, “शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर-8 में एक फैक्ट्री के बाहर कुछ कर्मी एकत्रित हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।” बता दें कि नोएडा में 13 अप्रैल को सेलरी बढ़ोतरी की मांग को लेकर श्रमिकों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान तोड़फोड़ और आगजनी हुई थी।

‘आजतक’ की वेबसाइट पर 15 अप्रैल 2026 को छपी खबर के अनुसार, नोएडा में सैलरी बढ़ोतरी को लेकर हुए बवाल के बाद कई कंपनियों ने अपने-अपने गेट पर नए वेतनमान से जुड़ी सूचनाएं चिपकानी शुरू कर दी हैं। नई वेतन दरों के अनुसार, अब अकुशल श्रमिकों को 13,690 रुपये, अर्धकुशल को 15,059 रुपये और कुशल को 16,868 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
नोएडा प्रदर्शन से जुड़ी अन्य फैक्ट चेक रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर ने नोएडा प्रदर्शन से जुड़ी कई अन्य फेक पोस्ट भी शेयर की हैं। लिंक यहां और यहां देखें।


इनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अगस्त 2025 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के 1100 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: इंडोनेशिया में अगस्त 2025 में प्रदर्शन हुआ था। उस घटना के वीडियो को अब नोएडा में प्रदर्शनकारियों और पुलिस की झड़प का बताकर शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: इंडोनेशिया का पुराना वीडियो नोएडा में प्रदर्शनकारियों व पुलिस की झड़प का बताकर वायरल appeared first on Vishvas News.
