नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के दरमियान पिछले काफी समय से चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार को देखा जा सकता है। अक्षय कुमार वीडियो में किसी घटना के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो अक्षय कुमार ने पवन और ज्योति सिंह विवाद को लेकर शेयर किया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पडताल पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। अक्षय कुमार का यह वीडियो साल 2017 का है। बेंगलुरु में नए साल की रात हुई छेड़खानी के मामले को लेकर अक्षय कुमार ने इस वीडियो संदेश को जारी करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ‘मिथुन राजा’ ने 7 अक्टूबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “देखिए पहिले बार बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार ने भोजपुरी इंडस्ट्री के बारे में कुछ बोला | महिलाओं का सम्मान करने के लिए शक्तिशाली ज्योति सिंह पवन सिंह के विवाद में।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो अक्षय कुमार के वेरिफाइड एक्स और फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया हुआ मिला। 5 जनवरी 2017 को अपलोड हुए इस वीडियो में अक्षय कुमार को बेंगलुरु में नए साल की रात हुई छेड़खानी की घटना पर बात करते हुए सुना जा सकता है।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और न्यूज सर्च किये जाने पर हमें इस मामले से जुड़ी खबर एनडीटीवी की वेबसाइट पर 5 जनवरी 2017 को छपी हुई मिली। दी गई जानकारी के अनुसार, “ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने नए साल की रात बेंगलुरु में महिलाओं के साथ हुई छेड़छाड़ पर अपना गुस्सा ज़ाहिर किया है और हमलावरों की तुलना “जानवरों” से की है। अभिनेता ने वीडियो में कहा, “बेंगलुरु की घटना से मुझे लगता है कि हम पीछे की ओर जा रहे हैं, इंसानों से जानवरों की ओर, बल्कि आदमखोर जानवरों की ओर, क्योंकि जानवर भी बेहतर हैं।”
खबरों के अनुसार, भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच विवाद फिर से सामने आया है। दोनों के बीच पहले से तलाक और मेंटेनेंस को लेकर झगड़े चल रहे हैं। हाल ही में ज्योति सिंह लखनऊ स्थित पवन सिंह के घर मिलने आईं, लेकिन घर में उन्हें जाने नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पवन ने उन्हें अनदेखा किया और पुलिस बुला दी। पवन सिंह ने बताया कि पुलिस सिर्फ सुरक्षा के लिए थी और उन्होंने ज्योति से करीब डेढ़ घंटे बात की। इससे पहले ज्योति ने पवन पर होटल में किसी अन्य महिला के साथ होने और उन्हें छोड़ देने का आरोप लगाया था। पवन सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ज्योति राजनीतिक फायदा पाने के लिए ऐसा कर रही हैं और उनके चुनाव संबंधी दावे सही नहीं हैं। इस मामले से जुड़ी खबर यहां और यहां पढ़ सकते हैं।
वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी दैनिक जागरण में बॉलीवुड को कवर करने वाले सीनियर संवाददता स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, अक्षय कुमार का यह पुराना वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने इस वीडियो की पहले भी पड़ताल की है।
अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर के बायो के अनुसार, वह छपरा, बिहार के रहने वाले हैं।
The post Fact Check : अक्षय कुमार का 2017 का वीडियो पवन- ज्योति सिंह विवाद से जोड़कर किया जा रहा फर्जी दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.
