नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को हालिया बताकर शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि राजस्थान में जनता बीजेपी सरकार से नाराज है और इसलिए बीजेपी के कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के साथ लोगों ने धक्का-मुक्की की।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में किरोड़ी लाल मीणा का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2024 का है। जब एक जनसभा में भीड़ कम होने के कारण किरोड़ी लाल मीणा सभा छोड़कर चले गए थे। उसी पुराने वीडियो को अब हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘ITK news’ ने 13 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “
राजस्थान में भाजपा के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के बुरे दिन शुरू हो चुके हैं, जनता हिसाब किताब मांगना शुरू कर चुकी है।#bjp #modi #bjpexposed #modiexposed #rajasthan #kirodilalmeena #rajasthanbjp”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो @UPDATEINDIA_TV के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 16 अप्रैल 2024 को शेयर किया गया था। कैप्शन के मुताबिक, “राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा कार्यकर्ताओं की कम संख्या को देखकर भड़क गए और नाराज होकर मंच से नीचे उतर गए तथा बिना सम्बोधित किए ही लौट गए।”
हमें वीडियो Jaipur.info नाम के फेसबुक पेज पर मिला। 17 अप्रैल 2024 को शेयर किए गए वीडियो में बताया गया,”बस्सी : भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा में नहीं जुटी भीड़। सभा में भीड़ नहीं जुटने से नाराज हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और भाजपा मंडल पदाधिकारियों को लगाई फटकार। किरोड़ी लाल मीणा स्टेज छोड़कर चले गए।”
हमें वीडियो Rajasthan PCC के आधिकारिक एक्स हैंडल पर मिला। 15 अप्रैल 2024 को शेयर की गई पोस्ट में लिखा गया,”दौसा में भीड़ न जुटने से नाराज भाजपा मंत्री किरोड़ी लाल मीणा स्टेज छोड़कर भागे।”
वायरल वीडियो से जुड़ी खबर लाइव हिंदुस्तान की वेबसाइट पर मिली। 15 अप्रैल 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”बस्सी में आयोजित जनसभा में भीड़ नहीं जुटने से नाराज हो गए। किरोड़ी लाल मीणा ने भीड़ कम जुटने पर भाजपा मंडल पदाधिकारियों को फटकारा और स्टेज छोड़ के चले गए।”
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।
वीडियो के बारे में जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के जयपुर संवाददाता नरेंद्र शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, यह वीडियो पुराना है। हाल ही में ऐसा कुछ नहीं हुआ।
जांच के अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले पेज को स्कैन किया। हमने पाया कि पेज को 5 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: राजस्थान के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का यह वीडियो है पुराना, भ्रामक दावे के साथ वायरल appeared first on Vishvas News.
