नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर जिराफ के घायल होने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ट्रक पर जिराफ को ले जाया जा रहा है। तभी जिराफ एक पुल से टकरा जाता है, उसकी गर्दन टूट जाती है और वह घायल होकर नीचे गिर जाता है। इसे असली घटना का वीडियो बताते हुए दावा किया जा रहा है कि नेशनल हाईवे पर ड्राइवर की लापरवाही की वजह से जिराफ घायल हो गया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है। एआई की मदद से बने इस वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम अकाउंट ‘samacharplusott’ ने 4 फरवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “कल्पना कीजिए आप ड्राइव कर रहे हों और सामने ऐसा मंजर दिखे! ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ जहाँ नेशनल हाईवे पर ऊँचाई का अंदाजा न होने के कारण एक जिराफ ऊपर बने पुल से टकरा गया।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से गूगल पर इस बारे में सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट हमें नहीं मिली। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
हमने इसे एआई वीडियो डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन से चेक किया। इसमें वीडियो को 99 फीसदी से अधिक एआई संभावित बताया गया।

‘undetectable.ai’ नामक एक अन्य टूल से भी इस वीडियो को जांचा गया । इस टूल ने भी वीडियो को एआई संभावित बताया।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘bestonly.ai’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 31 जनवरी 2026 को शेयर किया गया था। अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि यूजर इसी तरह के एआई वीडियो शेयर करता है। अकाउंट पर इस तरह के कई अन्य वीडियो भी मौजूद हैं। अकाउंट के बायो में मौजूद जानकारी के मुताबिक, यूजर एआई वीडियो शेयर करता है।


हमने वायरल पोस्ट को एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो को बनाने के लिए एआई टूल्स का इस्तेमाल किया गया है। जिराफ जिस तरह पुल से टकराता है और फिर उसकी गर्दन घूमती है, यह काफी अटपटा है। जिराफ के गिरने का तरीका भी सामान्य नहीं है। ऐसी टक्कर के बाद भी जिराफ पर चोट के निशान और खून नहीं दिख रहा है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो लाख से अधिक लोग इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है। एआई की मदद से बने इस वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: पुल से टकराकर जिराफ के घायल होने का वीडियो एआई निर्मित appeared first on Vishvas News.
