नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर का एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें टी20 वर्ल्ड कप पर पाकिस्तान के कूटनीतिक रुख की तारीफ करते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो को सच समझकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। शशि थरूर का वायरल वीडियो डीपफेक है। खुद थरूर ने इस वीडियो को मनगढ़ंत और फेक बताया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक पेज ‘Vok Sports’ ने 11 फरवरी 2026 को शशि थरूर का वीडियो पोस्ट करते हुए अंग्रेजी में लिखा कि शशि थरूर ने पाकिस्तान की तारीफ की है। वायरल वीडियो में उन्हें अंग्रेजी में यह बोलते हुए दिखाया गया, “I think how Pakistan played is indeed brilliant. I do not know what they would do on the field. But what they did diplomatically is absolute brilliance. The Indian cricket board was completely pinned hands down. This serves as a lesson that good diplomacy can even make a weak nation appear as a goliath. Pakistan has done it, and I want to appreciate them for it. It is unthinkable.”
इसका हिंदी अनुवाद है, “मुझे लगता है कि पाकिस्तान ने जिस तरह खेला (इस मामले को हैंडल किया) वह वाकई शानदार था। मुझे नहीं पता कि वे मैदान पर क्या करेंगे, लेकिन कूटनीति के मामले में उन्होंने जो किया वह बेमिसाल था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड पूरी तरह से पस्त हो गया। इससे सबक मिलता है कि अच्छी कूटनीति एक कमजोर राष्ट्र को भी विशालकाय बना सकती है। पाकिस्तान ने यह कर दिखाया है और मैं इसके लिए उनकी सराहना करता हूं। यह अकल्पनीय है।”
वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे शेयर कर रहे हैं। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने पड़ताल की शुरूआत शशि थरूर के एक्स हैंडल की स्कैनिंग से की। हमें 12 फरवरी की उनकी एक एक्स पोस्ट मिली। इसमें उन्होंने एक पाकिस्तानी पत्रकार के द्वारा फर्जी वीडियो पोस्ट करने पर जवाब देते हुए लिखा है कि एआई द्वारा निर्मित “फर्जी खबरें”- और वो भी बहुत अच्छी नहीं। न तो मेरी भाषा है और न ही मेरी आवाज।
जांच को आगे बढ़ाते हुए न्यूज एजेंसी एएनआई के एक्स हैंडल को स्कैन किया गया। हमें वहां 10 फरवरी को शशि थरूर का असली बयान मिला। यह 56 सेकंड का बयान था। इसमें शशि थरूर मीडिया को संबोधित करते हुए यह बोलते हुए देखा जा सकते हैं, “मैं एक राजनेता हूं, लेकिन मुझे क्रिकेट या खेल में राजनीति करना पसंद नहीं है। मेरा मानना है कि खेल एक अलग क्षेत्र है। खिलाड़ियों को खेलने दीजिए, और राजनेताओं को अपनी राजनीति कहीं और करने दीजिए। राजनयिकों को अपनी कूटनीति संभालने दीजिए, जबकि क्रिकेटर खेल पर ध्यान केंद्रित करें। मुझे खुशी है कि परिणाम चाहे जो भी हो, क्रिकेट इस मैच के साथ आगे बढ़ेगा। हम सभी अपनी राष्ट्रीय टीम का समर्थन करेंगे, लेकिन यह मैच होना ही चाहिए। हमें खेल जगत की गरिमा का सम्मान करना चाहिए।”
गूगल ओपन सर्च के दौरान हमें जागरण डॉट कॉम पर एक खबर मिली। 14 फरवरी 2026 को पब्लिश इस खबर में बताया गया कि शशि थरूर ने एक AI-जनित डीपफेक वीडियो पर कड़ी नाराजगी जताई है, जिसमें उन्हें ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 पर पाकिस्तान के रुख की तारीफ करते दिखाया गया है। उनके कार्यालय ने इसे पूरी तरह मनगढ़ंत और जनता को गुमराह करने वाला बताया है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वीडियो की सच्चाई जानने के लिए इसे ध्यान से देखा। वीडियो में लिप-सिंक पूरी तरह मेल नहीं खा रहा था और कुछ फ्रेम में चेहरे के हावभाव भी मैच नहीं हो रहे थे, जो डीपफेक होने का इशारा करते हैं।
सच्चाई जानने के लिए कई एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद ली गई। सबसे पहले बफलो यूनिवर्सिटी के डिटेक्शन टूल डीपफेक-ओ-मीटर के जरिए वायरल वीडियो की सच्चाई जानने की कोशिश की गई। WAV2LIP-STA मॉडल ने वायरल वीडियो को 83.59 फीसदी से ज्यादा एआई बताया।

इसी तरह दूसरे कई एआई मॉडल्स ने भी वायरल वीडियो को एआई बताया। हमने वीडियो में इस्तेमाल ऑडियो को एडवांस्ड ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन वाली स्विस डीप-टेक कंपनी, Aurigin.ai की मदद से चेक किया। इस टूल ने ऑडियो के AI द्वारा निर्मित होने की 78 प्रतिशत संभावना जताई।

Undetectable टूल ने भी वायरल वीडियो में मौजूद आवाज को एआई जेनरेटड होने की आशंका व्यक्त की।
विश्वास न्यूज ने अधिक जानकारी के लिए दैनिक जागरण के स्पोर्ट्स एडिटर अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया और वायरल वीडियो को साझा किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि शशि थरूर का वायरल वीडियो फेक है। उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है।

कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के सदस्य नितिन अग्रवाल ने भी वायरल वीडियाे को फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि शशि थरूर का वायरल वीडियो एआई जेनरेटेड है।
विश्वास न्यूज ने अधिक पुष्टि करने के लिए वायरल वीडियो को एआई विशेषज्ञ अजहर माचवे के साथ साझा किया। उन्होंने वीडियो का विश्लेषण करके बताया कि शशि थरूर के असली वीडियो में एआई टूल की मदद से छेड़छाड़ की गई है। वीडियो में कई बार शशि थरूर के दांतों के बीच में अंतर दिख रहा है, जो स्पष्ट संकेत है कि यह डीपफेक है।
गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने भारत से 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका में होने वाला मैच खेलने से इंकार कर दिया था। बाद में यूटर्न लेते हुए वह मैच खेलने के लिए तैयार हुआ। भारत और श्रीलंका के अलग-अलग शहरों के स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है। कोलंबो, अहमदाबाद और दिल्ली जैसे शहरों में मैच खेले जा रहे हैं।
पड़ताल के अंत में शशि थरूर के डीपफेक वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि यह पेज ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से संचालित होता है। इसे 48 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। इस पेज को 27 अप्रैल 2025 को बनाया गया।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में शशि थरूर का वायरल वीडियो डीपफेक साबित हुआ। उन्होंने टी 20 वर्ल्ड के बीच पाकिस्तान के कूटनीतिक रुख की तारीफ नहीं की।
The post Fact Check: टी20 वर्ल्ड कप के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर का डीपफेक वीडियो हुआ वायरल appeared first on Vishvas News.
