नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम का एक वीडियो इन दिनों काफी वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें कथित तौर पर बाबासाहेब भीमराव रामजी आंबेडकर को भू-माफिया बोलते हुए दिखाया गया है। वीडियो को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की विस्तार से जांच की। यह एडिटेड साबित हुआ। जांच में पता चला कि संगीत सोम के बयान के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है। सपा नेता आजम खान के पुराने बयान का जिक्र करते हुए उनके हवाले से उन्होंने यह बात कही थी। वीडियो के आगे के हिस्से को एडिट करके हटा दिया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘जुबैर सोनू’ ने 31 मार्च 2026 को एक वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, “ये भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम क्या उल जुलूल बोल रहे है कि देश के संविधान निर्माता बाबा भीम साहब अंबेडकर भू माफिया है।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले संगीत सोम के वायरल वीडियो को ध्यान से सुना। 15 सेकंड के इस वीडियो में उन्हें कथित रूप से यह बोलते हुए दिखाया गया, “ये अंबेडकर भू-माफिया है, ये जिस प्लॉट पर खड़ा होता है उस प्लॉट को कब्जाता है और फिर उंगली उठाकर के कहता है कि अगला प्लॉट आप जाकर कब्जा लीजिए।”
विश्वास न्यूज ने वायरल क्लिप के कई कीफ्रेम्स निकाले, फिर उन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘संगीत सिंह सोम’ के फेसबुक पेज पर 30 मार्च 2026 को अपलोड किया हुआ मिला। इसमें उन्होंने सपा के मुखिया अखिलेश यादव और आजम खान पर निशाना साधते हुए कहा, “उस दिन कहां चले गए थे। आप मंच पर बैठे थे और आपकी पार्टी का नेता आजम खान आपके सामने मंच पर खड़ा होकर बाबासाहेब के सम्मान में गुस्ताखी कर रहा था। कह रहा था कि ये अंबेडकर भू-माफिया है, ये जिस प्लॉट पर खड़ा होता है, उस प्लॉट को कब्जाता है और फिर उंगली उठाकर के कहता है कि अगला प्लॉट आप जाकर कब्जा लीजिए। यह भाषा थी आपके नेता की।”

सर्च के दौरान हमें ‘TV9 Uttar Pradesh Uttarakhand’ यूट्यूब चैनल पर संगीत सोम का बयान मिला। इसमें आजम खान के हवाले से वायरल क्लिप वाली बात कही गई थी।
गूगल ओपन सर्च पर खोजने पर हमें ‘भास्कर डॉट कॉम’ की एक अप्रैल 2026 की एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि संगीत सोम के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि उसने विधायक के बयान को तोड़-मरोड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल किया। इससे समाज में भ्रम और आक्रोश फैल गया है। 30 मार्च को पूर्व विधायक भगवानपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने डॉ. आंबेडकर के कार्यों की सराहना की थी। आरोप है कि आरोपी युवक ने इस बयान को गलत तरीके से पेश कर वायरल कर दिया।
जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, मेरठ के संस्करण को खंगाला गया। वहां हमें 2 अप्रैल 2026 को पब्लिश हुई एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के भाषण से छेड़छाड़ करके एक युवक ने उसे वायरल किया। इसे लेकर तहरीर दी गई है।

‘न्यूज 18 इंडिया’ के यूट्यूब चैनल पर हमें एक वीडियो रिपोर्ट मिली। 6 सितंबर 2016 को अपलोड हुए इस वीडियो में बताया गया, “यूपी के कैबिनेट मंत्री आजम खान ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। गाजियाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान कर दिया। उन्होंने कहा कि सूबे में अंबेडकर की मूर्तियां जिस तरह लगी हैं वो बीएसपी के मूलमंत्र को दिखाता है।”
सर्च के दौरान हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर एक खबर मिली। 6 सितंबर 2016 की इस खबर में लिखा गया, “आजम खान ने गाजियाबाद में अखिलेश यादव की मौजूदगी में डॉ. भीमराव आंबेडकर पर आपत्तिजनक बयान दिया था। हज हाउस के उद्घाटन समारोह में आंबेडकर को जमीन पर कब्जा करने वाला बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सैकड़ों जगह पर एक साहब की प्रतिमा लगी है, उसमें उनकी उंगली कुछ खास इशारा करती है। आजम ने कहा कि प्रतिमा कह रही है कि यह जमीन मेरी है, लेकिन सामने वाला प्लॉट भी तो मेरा ही है। हर प्रतिमा में उंगली आगे की तरफ होती है। इस प्रतिमा के यह मायने थे कि जहां मूर्ति लगी है, वह जमीन तो मेरी है, लेकिन सामने वाली भी मेरी ही है।”
विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान भाजपा नेता संगीत सोम से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो एडिटेड है। उनके भाषण के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है। इसे लेकर एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर की जांच की गई। इसे 10 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पूर्व विधायक संगीत सोम का वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। उनके भाषण के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप को तैयार किया गया है। उन्होंने अपने भाषण में आंबेडकर के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है।
The post Fact Check: भाजपा नेता संगीत सोम ने नहीं दिया आंबेडकर के खिलाफ बयान, वीडियो के साथ की गई छेड़छाड़ appeared first on Vishvas News.
