नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। क्रिकेट की दुनिया के आज के सबसे चर्चित चेहरे वैभव सूर्यवंशी और हर्षा भोगले का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में हर्षा भोगले को वैभव सूर्यवंशी से प्यार की बजाय क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान देने संबंधित प्रश्न पूछते हुए दिखाया गया है। इसके जवाब में वैभव सूर्यवंशी को हर्षा भोगले से यह बोलते हुए दिखाया गया है कि क्रिकेट पर ज्यादा सवाल करना चाहिए, न कि उनके प्यार पर।
वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। जांच में पता चला कि वायरल वीडियो फर्जी है। असली वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके फर्जी आवाज जोड़ी गई है। असली वीडियो बीसीसीआई के नमन अवार्ड्स के दौरान का है। वायरल वीडियो में मौजूद आवाज को AI ऑडियो क्लोन तकनीक से बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘नवीन कुमार सिंह’ ने 3 जून 2026 को वायरल वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, “हर्षा भोगले: आपको नहीं लगता कि क्रिकेट पर ज़्यादा ध्यान देना चाहिए, प्यार पर कम? वैभव सूर्यवंशी: आपको नहीं लगता कि क्रिकेट पर ज़्यादा सवाल करना चाहिए, और मेरे प्यार पर कम?”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए ‘गूगल ओपन सर्च’ टूल का इस्तेमाल किया। सर्च के दौरान हमें वायरल दावे से संबंधित एक भी विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। यदि वैभव सूर्यवंशी और हर्षा भोगले के बीच ऐसी बातचीत हुई होती, तो वह जरूर खबरों में आती।
विश्वास न्यूज ने हर्षा भोगले के सोशल मीडिया हैंडल्स को भी खंगाला। 2 जून 2026 को हर्षा भोगले ने एक ‘एक्स’ पोस्ट में वायरल वीडियो का खंडन करते हुए लिखा, “सोशल मीडिया पर मेरा और वैभव सूर्यवंशी का एक फर्जी डब किया हुआ वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वैभव को बदतमीज और घमंडी दिखाया गया है। न तो ऐसा कोई सवाल पूछा गया था और न ही ऐसा कोई जवाब दिया गया था। यह बेहद क्रूर और शरारती हरकत है, खासकर उस छोटे बच्चे के प्रति जिसने अपनी कुछ मुलाकातों में बहुत ही सम्मानजनक व्यवहार किया है।”
हर्षा भोगले ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर वायरल वीडियो की सच्चाई बताई है।
जांच के अगले चरण में वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले गए। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल की मदद से सर्च किया गया। हमें इंटरव्यू का असली वीडियो कई यूट्यूब चैनलों पर मिला। 19 मार्च 2026 को एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में इसे BCCI नमन अवॉर्ड्स 2026 का बताया गया है।
इसकी 9:40 मिनट की टाइमलाइन पर वायरल वीडियो वाला हिस्सा हमें दिखा। इसमें हर्षा भोगले वह प्रश्न नहीं पूछ रहे हैं, जो वायरल वीडियो में दिखाया गया है। इसमें हर्षा भोगले वैभव सूर्यवंशी से पूछते हैं, “आपके क्या गोल हैं इस साल आईपीएल मैच से? ऐसी कोई चीज है, जो आप हासिल करना चाहो इस साल।” इसके जवाब में वैभव कहते हैं, “सर, इस साल यही गोल है कि ट्रॉफी जीतना है टीम के लिए। सब प्रैक्टिस अच्छा चल रहा है। सब कॉन्फिडेंस में लग रहे हैं। इस बार ट्रॉफी हम जीतेंगे।”
असली वीडियो हमें ‘BCCI TV’ पर भी मिला। इसे 15 मार्च 2026 को अपलोड किया गया था। बीसीसीआई नमन अवार्ड्स के इस वीडियो में हर्षा भोगले को हार्दिक पांड्या, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने वायरल और असली वीडियो का तुलनात्मक अध्ययन किया। इसमें साफ देखा जा सकता है कि वायरल वीडियो BCCI नमन अवॉर्ड्स 2026 का है। इस वीडियो के ऑडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है।

हमारी अब तक की जांच में यह साबित हो गया कि हर्षा भोगले और वैभव सूर्यवंशी के इंटरव्यू के पुराने वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल वीडियो को तैयार किया गया है।
वायरल वीडियो की आवाज में एआई मैनिपुलेशन की आशंका के कारण हमने इसे एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से स्कैन किया। ‘डीपफेक-ओ-मीटर’ के 7 डिटेक्टर्स में से 5 ने इस मल्टीमीडिया में एआई मैनिपुलेशन की सर्वाधिक संभावना की पुष्टि की। ‘AVSRDD’ (2025) डिटेक्टर ने 94.60%, ‘LFCC-LCNN’ (2021) डिटेक्टर ने 100.60%, ‘Whisper’ (2023) डिटेक्टर ने 96.10%, ‘RawNet2-Vocoder’ (2025) डिटेक्टर ने 95.5% और ‘RawNet3’ ने 94.4 फीसदी एआई मैनिपुलेशन की संभावना की पुष्टि की।
अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने वायरल पोस्ट में मौजूद वीडियो की आवाज को AI डिटेक्शन टूल ‘TruthScan’ से चेक किया, जिसमें वीडियो में मौजूद आवाज 53 फीसदी सिंथेटिक होने की आशंका जताई गई।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को लेकर ‘दैनिक जागरण’ के स्पोर्ट्स एडिटर अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो फेक है। नमन अवार्ड के दौरान हर्षा भोगले और वैभव सूर्यवंशी के बीच ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई थी, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है।
क्या है संदर्भ?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की रही। उन्होंने इस सीजन में धमाकेदार परफॉर्म किया। उन्होंने पूरे सीजन में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। वैभव ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा प्लेयर भी बने। आईपीएल टी20 की ऑफिशियल वेबसाइट पर मैच से जुड़े वीडियो देखे जा सकते हैं।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। ‘नवीन कुमार सिंह’ नाम के इस यूजर को फेसबुक पर करीब सात हजार लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 21 फरवरी 2017 में बनाया गया था। यूजर पश्चिम बंगाल के हावड़ा का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में हर्षा भोगले और वैभव सूर्यवंशी का वायरल वीडियो फेक साबित हुआ। असली वीडियो में दोनों के बीच ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई थी, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है। खुद हर्षा भोगले ने भी वायरल वीडियो को फेक बताया है। वायरल वीडियो में मौजूद आवाज को AI ऑडियो क्लोन तकनीक से बनाया गया है।
The post Fact Check: वैभव सूर्यवंशी और हर्षा भोगले का फर्जी वीडियो वायरल, AI ऑडियो क्लोन तकनीक से जोड़ी गई आवाज appeared first on Vishvas News.
