Iran Israel conflict viral video, Ukraine war footage, Russian attack in Ukraine video, Tel Aviv attack video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल ने 8 जून 2026 को फिर एक-दूसरे पर हमले किए। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक इमारत पर हुए हमले को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो ईरान और इजरायल में फिर से बढ़े तनाव के बीच तेल अवीव पर हमले का है।  

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो का इजरायल पर ईरान के हालिया हमले से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो सितंबर 2025 में यूक्रेन में हुए रूस के ड्रोन हमले का है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘shan_of_voice’ ने 9 जून 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “ईरान-इज़राइल तनाव चरम पर, तेल अवीव की ओर जवाबी कार्रवाई की खबरें। ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेल अवीव की ओर ईरानी जवाबी कार्रवाई की नई लहर बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं। हालिया घटनाक्रम के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर नज़र बनाए हुए है। मध्य पूर्व की स्थिति लगातार बदल रही है और नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। आधिकारिक जानकारी और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर ही निष्कर्ष निकालना उचित होगा।”

Iran Israel conflict viral video, Ukraine war footage, Russian attack in Ukraine video, Tel Aviv attack video

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के यूट्यूब चैनल पर 17 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो से संबंधित एक वीडियो न्यूज पोस्ट किया गया था। इसमें वायरल क्लिप को भी देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो यूक्रेन के खार्किव की एक इमारत पर हुए रूस के ड्रोन हमले का है।

‘एबीसी न्यूज’ की वेबसाइट पर भी 17 सितंबर 2025 को इससे संबंधित एक वीडियो न्यूज पब्लिश किया गया था। इसमें भी हमले को खार्किव में हुए रूस के हमले का बताया गया है।

Iran Israel conflict viral video, Ukraine war footage, Russian attack in Ukraine video, Tel Aviv attack video

‘रॉयटर्स’ की वेबसाइट पर 16 सितंबर 2025 को वीडियो न्यूज अपलोड करते हुए इसे यूक्रेन के खार्किव स्थित एक यूनिवर्सिटी पर हमले का बताया गया । इस ड्रोन हमले में चार लोग घायल हुए थे।

इससे यह साबित हो गया कि यह यूक्रेन में हुए रूसी हमले का एक पुराना वीडियो है।  

क्या है संदर्भ?

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 28 फरवरी 2026 को शुरू हुए युद्ध के बाद अप्रैल में युद्धविराम हो गया था। बीबीसी की 8 जून 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद भी दोनों पक्षों ने युद्धविराम का बार-बार उल्लंघन किया है। 7 जून को लेबनान की राजधानी बेरूत पर हुए हमले के जवाब में ईरान ने इजरायल पर मिसाइलों से हमले किए। इसके बाद इजरायल ने भी ईरान पर मिसाइलें दागीं। इस दौरान ईरान के तीन शहरों में धमाकों की खबरें आईं, वहीं इजरायल के यरुशलम, तेल अवीव और मध्य इजरायल के आस-पास चेतावनी वाले सायरन बजे। इन हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान से बातचीत की मेज पर लौटने और किसी समझौते पर पहुंचने को कहा था।

इस बारे में हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि यह वीडियो इजरायल पर हुए हमले का नहीं है।

वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। सितंबर 2017 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के करीब 21 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: सितंबर 2025 में रूस ने यूक्रेन पर ड्रोन से हमला किया था। उस हमले के वीडियो को इजरायल पर ईरान के हालिया हमले का बताकर शेयर किया जा रहा है।   

The post Fact Check: ईरान-इजरायल में फिर से बढ़ते तनाव के बीच तेल अवीव पर हमले का नहीं, यूक्रेन में रूस के हमले का है यह वीडियो   appeared first on Vishvas News.

Copyright 2025. All right reserved. Nagar Varta Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!