नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान से पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वो नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को अभी का बताते हुए बिहार चुनाव से जोड़ते हुए शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में यह बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2023 का है। उस दौरान नीतीश कुमार एनडीए के साथ नहीं, बल्कि राजद के साथ थे और उन्हीं के साथ बिहार में सरकार बनाई थी। पुराने वीडियो को बिहार के मौजूदा चुनाव से जोड़कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘शैलेन्द्र यादव समाजवादी’ ने 16 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “नीतीश कुमार बिहार की राजनीति में रद्दी माल हो चुके हैं- सम्राट #biharelection2025 #बिहार #बीजेपी #हम_तेजस्वी_के_साथ_हैं।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन जी बिहार झारखंड के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 18 जुलाई 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, “#Biharpolitics : बिहार BJP प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का सीएम नीतीश कुमार पर तंज-‘नीतीश कुमार रद्दी माल हो चुके हैं।”

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट बिहार तक के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। वीडियो को 17 जुलाई 2023 को अपलोड किया गया था। कैप्शन के अनुसार, “नीतीश कुमार जी अब रद्दी माल हो चुके हैं। लालू जी अब चुनाव जीत नहीं सकते, लड़ेंगे अच्छा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार पर बोला हमला”
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 29 जनवरी 2024 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, नीतीश कुमार ने साल 2020 में एनडीए के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाई थी। लेकिन साल 2022 में उन्होंने एनडीए का साथ छोड़कर लालू यादव की पार्टी राजद का दामन थाम लिया और उनके साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाई। 28 जनवरी 2024 को नीतीश कुमार ने राजद का साथ छोड़कर जदयू-भाजपा (एनडीए) की नई सरकार बना ली है और एनडीए के साथ मिलकर लोकसभा 2024 का चुनाव लड़ा।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 17 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “एनडीए में सीटों का बंटवारा सभी 243 सीटों पर हो गया है। भाजपा, जदयू, लोजपा (रा), हम और रालोमो ने अपनी-अपनी तय सीटों पर प्रत्याशी भी उतार दिए हैं। मगर आपसी गतिरोध अभी खत्म नहीं हुआ है। खासकर चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच तनातनी पर्दे के पीछे से जारी है। मांझी ने तो मखदुमपुर और बोधगया सीट पर चिराग के उम्मीदवार के खिलाफ प्रत्याशी उतारने की भी घोषणा कर दी है। हालांकि, एनडीए का शीर्ष नेतृत्व इस मामले को सुलझाने में लगा है।”

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया यूजर को करीब दस हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2023 का है। उस दौरान नीतीश कुमार एनडीए के साथ नहीं, बल्कि राजद के साथ थे और उन्हीं के साथ बिहार में सरकार बनाई थी। पुराने वीडियो को बिहार के मौजूदा चुनाव से जोड़कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: नीतीश कुमार पर तंज कसते सम्राट चौधरी का वीडियो दो साल पुराना, बिहार चुनाव के बीच भ्रामक दावे से हुआ वायरल appeared first on Vishvas News.
