नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का एक वीडियो वायरल हो रहा है। बिहार चुनाव के दौरान इस वीडियो में खरगे को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि राहुल गांधी और तेजस्‍वी यादव आपको डुबाएंगे। इस वीडियो को सच समझकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। दरअसल कांग्रेस अध्‍यक्ष के एक भाषण में से कुछ हिस्‍से के साथ छेड़छाड़ करके एडिटेड क्लिप वायरल की गई है। असली भाषण में खरगे ने पीएम मोदी और अमित शाह के लिए डुबोने वाली बात कही थी।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक पर रिंकू प्रजापति नाम के एक यूजर ने 21 अक्‍टूबर को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “आज खड़गे ताऊ ने आख़िर सच बोल ही दिया। आख़िर खांग्रेसी चमचे इतने भी नालायक नहीं है।”

इस वीडियो में खरगे को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अगर वो सतर्क नहीं रहे तो राहुल गांधी और तेजस्वी यादव उन्हें डुबा देंगे।

कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे सच समझकर शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आकाईव वर्जन यहां देखा जस सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने कांग्रेस अध्‍यक्ष के वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें असली और लंबा वीडियो कांग्रेस के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर मिला। एक सितंबर को अपलोड इस वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, खरगे का यह भाषण बिहार का है।

वीडियो में कांग्रेस अध्‍यक्ष भाजपा पर हमला करते हुए नजर आए। वीडियो की शुरुआत में खरगे को “वोट चोरी” के मुद्दे पर 1.37 मिनट पर यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “मोदी जी वोट चोरी कराके बिहार में जीतने की कोशिश कर रहे हैं। आपको सतर्क रहना चाहिए। अगर आप सतर्क नहीं रहेंगे, तो मोदी जी और शाह आपको डुबाएंगे।”

इस भाषण को सुनने में यह स्‍पष्‍ट हो गया कि खरगे ने मोदी और शाह को लेकर डुबोने वाली बात कही थी। उसी हिस्‍से को एडिट करके वहां राहुल और तेजस्वी का नाम जोड़कर फर्जी वीडियो को वायरल किया गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के सदस्‍य गिरीश कुमार से संपर्क कर उनके साथ वायरल क्लिप को साझा किया । उन्‍होंने पुष्टि करते हुए विश्‍वास न्‍यूज को बताया कि क्लिप एडिटेड है।

पड़ताल के अंत में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की । पता चला कि फेसबुक यूजर रिंकू प्रजापति अमरोहा का रहने वाला है। इसे फेसबुक पर पांच हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक भाषण को एडिट करके उसमें पीएम मोदी और अमित शाह के नाम की जगह राहुल गांधी और तेजस्‍वी यादव का नाम जोड़ दिया गया। जिसके कारण भाषण का मतलब ही बदल गया।

The post Fact Check: बिहार चुनाव में कांग्रेस अध्‍यक्ष खरगे का एडिटेड वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.

Copyright 2025. All right reserved. Nagar Varta Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!