नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। इस बीच सोशल मीडिया पर कई फर्जी और भ्रामक दावे भी वायरल हो रहे हैं। इसी कड़ी में अभिनेता सोनू सूद का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर सोनू सूद को बिहार चुनाव के लिए छपरा से राष्ट्रीय जनता दल के (राजद) प्रत्याशी खेसारी लाल यादव का समर्थन करते देखा जा सकता है। कई यूजर्स इस वीडियो को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह एक डीपफेक वीडियो है। वारयरल वीडियो को एआई निर्मित ऑडियो की सहायता से बनाया गया है। असली वीडियो में सोनू सूद कोई पंक्तियां पढ़ रहे हैं। 

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर Mohan Yadav ने 29 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है,”सोनू सूद आए खेसारी लाल यादव के समर्थन में #facebookviral #foryoupageシ #share #likecommentshare #viralreelschallenge #share #viralpost #reelsfbシ #facebookviral #khesari_yadav #SonuSood”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को शेयर किया है। पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें दावे की पुष्टि करती कोई भी मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। वायरल वीडियो में लिप सिंक सही नहीं है। वीडियो और ऑडियो में कोई सामंजस्य नहीं है। जिससे हमें शक हुआ कि यह वीडियो असली नहीं है।

हमने वीडियो को लेकर सोनू सूद के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को खंगाला। हमें वीडियो सोनू सूद के फेसबुक अकाउंट पर मिला। 25 अक्टूबर 2025 को शेयर वीडियो में सोनू सूद बोल रहे हैं,” किसी ने बड़ी कमाल की बात कही है कि अगर आपके पास जरूरत से ज्यादा है तो बड़ी दीवारें नहीं, बड़ी मेज बनाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आपके साथ खा पाएं।  क्यूंकि बांटने से बढ़ जाता है प्यार और बांटने से घट जाता है गम। बदल जाएगी ये दुनिया अगर हाथ थाम लें हम और तुम। इसलिए जब तेरे पास जरूरत से ज्यादा हो तो बांट के तो देख, बड़ी खुशियां किसी के साथ छांट के तो देख। फिर देख कैसे यह दुनिया बदलती है। बाकी सब भ्रम है। यह दुनिया सिर्फ प्यार से ही चलती है।”

सोनू सूद ने वीडियो को अपने एक्स हैंडल और इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया है।

पड़ताल में आगे हमने वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल के जरिए सर्च किया। हमने वीडियो को Aurigin.ai पर अपलोड किया। टूल ने ऑडियो के AI-जेनरेटेड होने की 100 प्रतिशत संभावना व्यक्त की।

Hiya ने 99 प्रतिशत तक ऑडियो के AI से बने होने की संभावना जताई।

पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (DAU) से संपर्क किया, जो ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस  (TIA) की एक पहल है। DAU की विशेषज्ञ टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। हाइव एआई डीपफेक डिटेक्टर टूल से जांच में वीडियो ट्रैक में एआई टूल से छेड़छाड़ के संकेत मिले। 

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। यूजर को फेसबुक पर 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को बेगूसराय का रहने वाला बताया है।

The post Fact Check: भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव का समर्थन करते सोनू सूद का यह वीडियो डीपफेक है appeared first on Vishvas News.

Copyright 2025. All right reserved. Nagar Varta Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!