नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि गाजीपुर के हिंदू इंटर कॉलेज पर धमाका हुआ है। वीडियो में कुछ लोगों को भागते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा फर्जी निकला। दरअसल, गाजीपुर के कॉलेज में धमाके के दावे से वायरल किया जा रहा वीडियो असली नहीं है। वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है। जिसे अब असली घटना बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर official.pawan.shah ने 21 नवंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया। उस पर लिखा है, ‘हिंदू इंटर कालेज जमानियां में हुआ बड़ा धमाका।’

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड की मदद से सर्च किया। हमें वायरल दावे की पुष्टि करती कोई भी मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
पड़ताल में आगे हमने वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में आग की लपटें असली नहीं लग रही हैं। वीडियो में भागते हुए लोग भी असली नहीं लग रहे। जिससे इसके एआई से बने होने का संदेह होता है।
यहां से हमने जांच को आगे बढ़ाया। हमने वीडियो के कई की-फ्रेम निकाले। हमने स्क्रीनशॉट को एआई डिटेक्शन टूल्स हाइव मॉडरेशन की मदद से स्कैन किया। हाइव मॉडरेशन टूल ने 97 फीसदी तक फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने स्क्रीनशॉट को decopy.ai की मदद से सर्च किया। टूल एनालिसिस बताती है कि यह वायरल वीडियो 93 फीसदी एआई की मदद से बनाई गई है।

हमने स्क्रीनशॉट को wasitai टूल की मदद से भी सर्च किया। इस टूल ने भी इसके एआई से बने होने की संभावना जताई है।

हमने वीडियो को एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने वीडियो को 100 फीसदी एआई से बनी बताया है। उन्होंने कहना है कि धमाका होने के बाद जब आग दिखती है,वो असली नहीं है। वीडियो में धुंधलापन भी है, ऐसी कमियां एआई से बनी वीडियो और तस्वीरों में होती हैं।
वीडियो को लेकर हमारी बात गाजीपुर हिंदू इंटर कॉलेज के अध्यापक राकेश कुमार से हुई। उन्होंने भी इस दावे को पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा बताया है।
विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर ऐसे कई फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 1,479 लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: गाजीपुर के कॉलेज में धमाका होने के दावे से AI निर्मित वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
