Om Birla deepfake video

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें ओम बिरला को यह कहते हुए दिखाया गया है कि ‘आर्थिक सहायता स्वावलंब’ योजना के तहत केंद्र सरकार 10 साल तक 12 हजार रुपये सहायता के तौर पर देगी, जिसका लाभ 22 दिसंबर से मिलेगा। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बिरला ने लोकसभा में इस योजना के बारे में जानकारी दी है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि केंद्र सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। बिरला का वायरल वीडियो डीपफेक है। उनके लोकसभा के वीडियो में एआई क्लोन आवाज जोड़कर उसे वायरल किया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर eureka4u_ ने 8 दिसंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसमें ओम बिरला कथित तौर पर कह रहे हैं, “जिनकी सालाना आय 5 लाख से कम है, वैसे सभी परिवारों के पक्ष में समर्थन को देखते हुए सरकार फैसले लेने के लिए बाध्य है। इसीलिए जितने गरीब परिवार हैं या जिनकी सालाना आय 5 लाख से कम है, वैसे सभी परिवार के मुखिया को आर्थिक सहायता स्वावलंब के तहत केंद्र सरकार 10 साल तक 12 हजार रुपये आर्थिक सहायता देगी। और इसका लाभ 22 दिसंबर से आपको मिलना शुरू हो जाएगा।”  

Om Birla deepfake video

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले ‘आर्थिक सहायता स्वावलंब’ योजना के बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

भारत सरकार की माय स्कीम वेबसाइट पर भी इस तरह की किसी भी योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

इसके बाद हमने बिड़ला के वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। वायरल वीडियो का लंबा वर्जन हमें संसद टीवी के यूट्यूब चैनल पर 1 दिसंबर 2025 को अपलोड मिला। इसमें वायरल वीडियो के हिस्से को देखा जा सकता है। वीडियो लोकसभा के शीतकालीन सत्र का है, जिसमें बिरला पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि देते दिख रहे हैं। इसमें कहीं भी योजना का जिक्र नहीं किया गया है।  

वीडियो में एआई से छेड़छाड़ की संभावनाओं को देखते हुए हमने इसे एआई डिटेक्शन टूल aurigin.ai से चेक किया। इसमें इसे 100 फीसदी एआई संभावित बताया गया।

Om Birla deepfake video

वीडियो के ऑडियो को हमने इनविड टूल के जरिए हिया से चेक किया। इसमें भी इसे 95 फीसदी एआई संभावित बताया गया है।

Om Birla deepfake video

इस बारे में हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इसमें लिप सिंक देखने से पता चलता है कि वीडियो में एआई टूल से छेड़छाड़ की गई है।

डीपफेक वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 3300 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: ओम बिरला का डीपफेक वीडियो शेयर कर 12 हजार रुपये की योजना का फेक दावा वायरल appeared first on Vishvas News.

Copyright 2025. All right reserved. Nagar Varta Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!