नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। NEET (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) पेपर लीक मामले से जोड़ते हुए बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत के नाम से एक बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि NEET पेपर लीक मामले पर कंगना रनौत ने कहा है कि सरकार को इस मामले पर ध्यान नहीं देना चाहिए और सिर्फ हिंदू पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि हिंदू खतरे में है। अगर हिंदू ही नहीं रहा, तो परीक्षा कौन देगा?

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। कंगना रनौत ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उनके नाम से फर्जी बयान वाला पोस्‍टर वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Rizwan Hatimm’ ने 22 मई 2026 को वायरल पोस्‍टर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “यहा हिन्दू खतरे में है और तुम्हे NEET के EXAM की पड़ी है। हिन्दू ही नहीं रहा तो NEET का EXAM कौन देगा -कंगना रनौत बीजेपी अभिनेत्री।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। अगर उन्होंने इस तरह का कोई बयान दिया होता, तो उससे जुड़ी कोई न कोई न्यूज रिपोर्ट इंटरनेट पर जरूर मौजूद होती। 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने कंगना रनौत के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें वायरल पोस्‍टर में किए दावे से जुड़ी एक पोस्ट कंगना रनौत की टीम के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। वायरल बयान का खंडन करते हुए 20 मई 2026 को इस पोस्ट को शेयर किया गया था। पोस्ट के अनुसार, “मेरे नाम का इस्तेमाल करके झूठे और अर्थहीन बयान बेवजह  फैलाए जा रहे हैं। बस इसी तरह दो मिनट का ध्यान खींच सकते हैं। सैकड़ों चुनाव हारने के बाद कांग्रेस की यही हालत है।”  

अधिक जानकारी के लिए हमने कंगना की बहन और उनकी मैनेजर रंगोली रनौत से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे का खंडन करते हुए इसे फेक बताया । 

क्या है संदर्भ?

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 3 मई 2026 को NEET UG का एग्जाम आयोजित किया था। 23 लाख छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया था। पेपर लीक की बात सामने आते ही 12 मई को इस परीक्षा को रद कर दिया गया था। अब इस मामले की जांच चल रही है। इस मामले में प्रोफेसर मनीषा मांढरे, विकास बिवाल, मनीषा वाघमारे, शुभम खैरनार और धनंजय लोखंडे सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। साथ ही, नीट के री-एग्जाम की तारीख घोषित कर दी गई है। 21 जून को नीट की परीक्षा दोबारा होगी।

 पूरी रिपोर्ट को यहांयहांयहां और यहां पढ़ा जा सकता है। 

अंत में हमने फर्जी बयान शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को 35 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नीट पेपर लीक के नाम से वायरल कंगना रनौत का बयान फेक है। कंगना रनौत ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उनके नाम से फर्जी बयान वायरल किया जा रहा है।

The post Fact Check: कंगना रनौत का NEET पेपर लीक मामले की कार्रवाई बंद कर हिंदू पर ध्यान देने वाला बयान फर्जी  appeared first on Vishvas News.

Copyright 2025. All right reserved. Nagar Varta Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!