नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सेना के जवानों द्वारा एक शख्स को पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सेना के दो जवानों को एक शख्स को गिरफ्तार करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह पश्चिम बंगाल का है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद घुसपैठियों पर सख्ती दिखाई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स तारों के नीचे से सीमा पार कर रहा था। तभी बीएसएफ के जवानों ने उसे वहीं से पकड़ लिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में वायरल वीडियो भारत नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। मार्च 2026 में वहां की सेना ने एक ड्रग डीलर को गिरफ्तार किया था। यह वीडियो उसी घटना का है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘निर्विकार सिंह’ ने 20 मई 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बंगाल बार्डर पर एडबुल तारों के नीचे से सीमा पर कर रहा था, बीएसएफ ने वहीं पकड़ लिया और फिर बढ़िया खातिरदारी की।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Md Alman Ali’ और ‘Niru K Nahar’ नाम के बांग्लादेशी फेसबुक अकाउंट पर मिले। वीडियो को 21 मार्च 2026 को शेयर किया गया था। बांग्ला भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो ड्रग डीलर को पकड़ने का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो बांग्लादेशी न्यूज के फेसबुक पेज ‘Channel 52 News’ और  ‘NewsTvbangla’ पर क्रमश: 21 मार्च और 22 मार्च, 2026 को शेयर किया हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, चौपाई नवाबगंज जिले में एक कुख्यात ड्रग और याबा तस्कर को बांग्लादेशी सेना ने याबा के साथ गिरफ्तार किया था।

हमें यह वीडियो इसी जानकारी के साथ मार्च में अन्य बांग्लादेशी न्यूज फेसबुक पेज पर अपलोड हुआ मिला।

अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेशी ‘प्रोबाश टाइम्स’ के एडिटर मोहम्मद राफ्त से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो मार्च में एक ड्रग डीलर के पकड़े जाने का है। 

क्या है संदर्भ?

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि सीएए की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जो लोग इसके दायरे में नहीं आते हैं वो अवैध घुसपैठिए हैं। उन्हें सरकार गिरफ्तार कर BSF को सौंप देगी। साथ ही भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर भी सुरक्षा को बढ़ाया जायेगा। बॉर्डर की 27 किलोमीटर जमीन BSF को सौंपी जायेगी, ताकि वहां पर फेंसिंग लगाई जा सके और सुरक्षा स्ट्रक्चर बनाया जा सके। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को तीन हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शख्स को गिरफ्तार करने के वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में वायरल वीडियो भारत नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। मार्च 2026 में वहां की सेना ने एक ड्रग डिलर को गिरफ्तार किया था। यह वीडियो उसी घटना का है।

The post Fact Check: बंगाल में घुसपैठिए के घुसने का नहीं, बांग्लादेश में ड्रग डीलर की गिरफ्तारी का है वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.

Copyright 2025. All right reserved. Nagar Varta Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!